#प्रदेश

अब सरकारी दफ्तरों के चक्कर खत्म: ‘सेवा सेतु’ से घर बैठे मिल रही शासकीय सेवाएं, एक हफ्ते में मिला निवास प्रमाण पत्र

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में डिजिटल सुशासन की दिशा में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू किया गया ‘सेवा सेतु’ पोर्टल आम नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं को आसान, पारदर्शी और समयबद्ध बना रहा है। अब लोग घर बैठे ऑनलाइन आवेदन कर विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त कर रहे हैं।

इस पहल की सफलता का उदाहरण कोरबा जिले की पोड़ी उपरोड़ा तहसील के सुतर्रा गांव की रहने वाली कुमारी निधि सेन हैं। उन्होंने निवास प्रमाण पत्र के लिए गांव के लोक सेवा केंद्र के माध्यम से सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन किया। आवश्यक दस्तावेजों और पटवारी प्रतिवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें महज एक सप्ताह में निवास प्रमाण पत्र मिल गया।

निधि सेन ने बताया कि पूरी प्रक्रिया बेहद सरल और पारदर्शी रही। उन्हें सरकारी दफ्तरों के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े, जिससे समय और पैसे दोनों की बचत हुई। उनके मुताबिक, सेवा सेतु के जरिए अब सरकारी सेवाओं तक पहुंच पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक हो गई है।

राज्य सरकार का कहना है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को समयबद्ध, जवाबदेह और पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को इसका सबसे अधिक लाभ मिल रहा है, जहां अब आवश्यक प्रमाण-पत्र और अन्य सरकारी सेवाएं बिना अनावश्यक परेशानी के उपलब्ध हो रही हैं।

सरकार का उद्देश्य डिजिटल गवर्नेंस को गांव-गांव तक पहुंचाकर प्रशासन को अधिक नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाना है। ‘सेवा सेतु’ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरा है, जिसने शासन और आम नागरिकों के बीच की दूरी कम करते हुए सुशासन को नई मजबूती दी है।