रायपुर फैक्ट्री ब्लास्ट: 3 मजदूरों की मौत के बाद थ्री डी फैक्ट्री सील, मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख मुआवजा

रायपुर। राजधानी रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित थ्री डी फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत के बाद राज्य सरकार ने कड़ी कार्रवाई की है। फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है, वहीं घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं। मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है।
ऑक्सीजन सिलेंडर में विस्फोट से हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच के अनुसार, उरला स्थित थ्री डी फैक्ट्री में फेरो अलॉय का निर्माण किया जाता है। मंगलवार शाम करीब 6 बजे फेरो एलॉय डिवीजन में संचालित फर्नेस में लान्सिंग के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई।
मुख्यमंत्री साय ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि हादसे के तुरंत बाद फैक्ट्री को बंद करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जा रहा है और भविष्य में औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
30-30 लाख रुपये का मुआवजा
उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि उरला की थ्री डी फैक्ट्री में हुआ हादसा बेहद दुखद है। फैक्ट्री को तत्काल बंद कर दिया गया है और विस्तृत जांच के आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
सरकार ने स्पष्ट किया है कि हादसे की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर लापरवाही या सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




