चमोली हेलीकॉप्टर हादसा: सभी 6 मृतकों के शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा; एम्स ऋषिकेश भेजे जाएंगे शव

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले में हुए दर्दनाक हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए सभी छह लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं। शनिवार को एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस, फायर सर्विस, स्थानीय प्रशासन और सेना की संयुक्त टीम ने दुर्गम घटनास्थल से सभी शवों को निकालकर ज्योतिर्मठ पहुंचाया। अंतिम शव सुबह 4:40 बजे रेस्क्यू कर सड़क मार्ग तक लाया गया, जबकि सुबह 6:20 बजे सभी शव ज्योतिर्मठ की मोर्चरी पहुंचाए गए।
चिकित्सकों द्वारा सभी छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद शवों को हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजे जाने की तैयारी है। इस हादसे के साथ ही रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है।
खराब मौसम के बीच पहाड़ी से टकराया था हेलीकॉप्टर
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को खराब मौसम के बीच बदरीनाथ धाम से सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ क्षेत्र में पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। हादसा हाथी पहाड़ के ऊपर चांई गांव और लामबगड़ के बीच जंगल में हुआ था।
हेलीकॉप्टर में पायलट समेत कुल छह लोग सवार थे। सभी की मौके पर ही मौत हो गई थी। बताया गया कि हेलीकॉप्टर में सवार तीर्थयात्री देश के प्रथम गांव माणा घूमने गए थे। वहां से लौटते समय वे हेलीकॉप्टर के जरिए सहस्त्रधारा जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।
हादसे में इन छह लोगों की हुई मौत
हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वालों में एक पायलट और पांच यात्री शामिल हैं।
पायलट:
- कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष), निवासी दिल्ली।
यात्री:
- प्रतापा (41 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
- अरुण सालुंके (44 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
- वी.बी. शंकर गौड़ा (39 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
- सुधीर के. (50 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
- एच.एस. नटराजा (51 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
हादसे के बाद दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में राहत एवं बचाव अभियान चलाना चुनौतीपूर्ण रहा। विभिन्न एजेंसियों के संयुक्त प्रयास से सभी छह शवों को बरामद कर लिया गया है।




