उज्जैन के होटल में जहरीली गैस का कहर, 4 कर्मचारियों की मौत; बचाने उतरे 2 लोग भी बेहोश

उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में देवास रोड स्थित होटल श्री गंगा में शनिवार रात दर्दनाक हादसा हो गया। होटल के वेस्ट चेंबर (कचरा टैंक) की सफाई के दौरान कथित तौर पर जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। वहीं, उन्हें बचाने के लिए चेंबर में उतरे दो अन्य लोग भी बेहोश हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने चेंबर में फंसे लोगों को बाहर निकालने के साथ ही मौके पर सीपीआर देकर उन्हें होश में लाने का प्रयास किया।
सफाई के दौरान अचानक बिगड़ी स्थिति
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा के मुताबिक, होटल के कर्मचारी और कुछ अन्य लोग बचे हुए भोजन और कचरे को इकट्ठा करने वाले चेंबर में उतरे थे। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इसी दौरान चेंबर में अचानक गैस का रिसाव हुआ। इसके बाद अंदर मौजूद कर्मचारी बेहोश होकर गिर पड़े।
अंदर गिरे लोगों को बचाने के लिए जब दो अन्य लोग चेंबर में उतरे तो वे भी बेहोश हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चार लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
कलेक्टर ने बताया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण हादसा
जिले के कलेक्टर रौशन कुमार सिंह ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि होटल परिसर में खाने के कचरे के लिए एक टैंक बनाया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पहले दो लोग सफाई के लिए टैंक में उतरे थे। इसके बाद उन्हें बचाने के प्रयास में दो और लोग अंदर चले गए।
कलेक्टर ने हादसे में चार लोगों की मौत की पुष्टि की है। घटना किन परिस्थितियों में हुई और चेंबर के अंदर किस तरह गैस का रिसाव हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच में जुटी है।




