#प्रदेश

CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में फिर बदलेगा मौसम, 2-3 नवंबर को व्यापक बारिश के आसार; आंधी-बिजली का भी अलर्ट

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के बाद एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब तेजी से चक्रवाती तूफान में बदलने की ओर बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इसके 2 नवंबर की शाम तक आंध्र प्रदेश के तट से टकराने का अनुमान है। इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

2 से 4 नवंबर तक बारिश का असर

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 और 3 नवंबर को प्रदेश में काफी व्यापक से व्यापक वर्षा हो सकती है। वहीं 3 और 4 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।

लगातार बदल रहे मौसम ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। हाल ही में 28 और 29 अक्टूबर को चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ के प्रभाव से हुई बारिश के कारण धान की फसल को नुकसान पहुंचा था। खेतों में पानी भरने और लगातार बारिश से किसानों की परेशानी बढ़ी थी। अब दोबारा बारिश की संभावना से तैयार धान की फसल को लेकर चिंता और बढ़ गई है।

आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट

मौसम विभाग ने 2 नवंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा 3 और 4 नवंबर को भी कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना है। ऐसे में खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।

दो दिन बढ़ेगा तापमान, फिर बारिश बढ़ाएगी परेशानी

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव आएगा और बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है।

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि एक-दो जगह भारी बारिश दर्ज की गई। जशपुर जिले के मनोरा में सर्वाधिक 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

  • मनोरा (जशपुर) – 7 सेमी
  • कुनकुरी (जशपुर) – 5 सेमी
  • कुसमी (बलरामपुर) – 5 सेमी
  • बगीचा (जशपुर) – 4 सेमी
  • तपकरा और सन्ना (जशपुर) – 3-3 सेमी
  • कांसाबेल (जशपुर) – 3 सेमी
  • सामरी (बलरामपुर) – 2 सेमी
  • लैलूंगा (रायगढ़) – 2 सेमी
  • पत्थलगांव (जशपुर) – 2 सेमी
  • चांदो (बलरामपुर) – 2 सेमी
  • जशपुरनगर – 2 सेमी

जगदलपुर सबसे गर्म, दुर्ग में सबसे कम तापमान

प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 1 नवंबर को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में प्रदेश के अनेक हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। ऐसे में किसानों के साथ आम लोगों को भी मौसम के ताजा अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।