#प्रदेश

दतिया में भाजपा में बगावत: नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटते ही हाईवे जाम, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

Advertisement Carousel

 

दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा उम्मीदवार बदलने के फैसले के बाद जिले में सियासी बवाल खड़ा हो गया। पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने से नाराज समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने दतिया-झांसी हाईवे पर चक्का जाम कर दिया। पूरी रात चले प्रदर्शन को हटाने के लिए शनिवार तड़के पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प और पथराव भी हुआ।

रातभर हाईवे पर डटे रहे समर्थक

भाजपा की उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद सैकड़ों कार्यकर्ता दतिया-झांसी हाईवे पर जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने ‘नरोत्तम मिश्रा जिंदाबाद’ और ‘टिकट वापस लो’ के नारे लगाए और साफ कहा कि जब तक पार्टी अपना फैसला नहीं बदलती, आंदोलन जारी रहेगा।

आंसू गैस छोड़कर हटाया गया जाम

शनिवार सुबह भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को हटाने का प्रयास किया। प्रशासन के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने रास्ता खाली करने से इनकार कर दिया, जिसके बाद भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया, जबकि पुलिस ने इससे इनकार करते हुए कहा कि केवल आंसू गैस का इस्तेमाल किया गया। घटनास्थल पर कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा पथराव किए जाने की भी जानकारी सामने आई।

एसपी बोले- स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में

जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) ने कहा कि पुलिस ने किसी प्रकार का लाठीचार्ज नहीं किया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केवल आंसू गैस का प्रयोग किया गया। करीब दो घंटे की कार्रवाई के बाद हाईवे से जाम हटवा दिया गया और यातायात सामान्य कर दिया गया।

24 घंटे का अल्टीमेटम

हालांकि, प्रदर्शनकारी अब भी अपने रुख पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा ही दतिया की पहचान हैं और वे भाजपा के घोषित प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को स्वीकार नहीं करेंगे। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि 24 घंटे के भीतर टिकट नहीं बदला गया, तो दोबारा हाईवे जाम किया जाएगा।

15-20 किलोमीटर लंबा लगा जाम

दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे शुरू हुआ चक्का जाम शनिवार सुबह करीब 5 बजे तक चला। इस दौरान दतिया-झांसी हाईवे पर 15 से 20 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसमें कई बसें, निजी वाहन और एंबुलेंस भी फंस गईं।

भाजपा के सामने बढ़ी चुनौती

भाजपा ने संगठन और संघ पृष्ठभूमि से जुड़े आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, लेकिन नरोत्तम मिश्रा समर्थकों का खुला विरोध चुनाव से पहले पार्टी के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। हालात को देखते हुए भाजपा जिला कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग की गई है।