#प्रदेश

Chhattisgarh BJP: स्मृति ईरानी ने दिया ‘मिशन-2028’ का मंत्र, बोलीं- बूथ स्तर पर मजबूत हो संगठन, कार्यकर्ताओं के दम पर जीतेंगे चुनाव

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन को मजबूत करने पर जोर देना शुरू कर दिया है। भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने रविवार को रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न निगम-मंडलों के अध्यक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक अनुशासन, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और बूथ स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने का संदेश दिया।

स्मृति ईरानी ने कहा कि भाजपा की कार्यशैली सांगठनिक अनुशासन, आंतरिक लोकतंत्र और कार्यकर्ताओं के निःस्वार्थ परिश्रम पर आधारित है। उन्होंने पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर पूरी तरह लागू करने पर जोर देते हुए कहा कि चुनाव जीतने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम होती है।

‘मिशन-2028’ को लेकर कार्यकर्ताओं को दिया संदेश

स्मृति ईरानी ने ‘मिशन-2028’ को केवल चुनावी लक्ष्य नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की अस्मिता, विकास और सुशासन से जुड़ा संकल्प बताया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और जनसेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

उन्होंने कहा कि चुनाव केवल मतपत्रों या मशीनों के जरिए नहीं जीते जाते, बल्कि इसके लिए कार्यकर्ताओं का परिश्रम, जनता से आत्मीय जुड़ाव और संगठन की मजबूती जरूरी है। पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता मिशन-2028 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा, आगे की रणनीति पर चर्चा

प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठकों के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की गई। प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों के कामकाज की समीक्षा कर आगामी कार्ययोजना को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।

संभाग और जिला स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक हुई। इसमें संभाग प्रभारी, सह-प्रभारी, जिला प्रभारी, सह-प्रभारी और जिला अध्यक्ष शामिल हुए। पार्टी के पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ भी अलग-अलग चरणों में विचार-विमर्श किया गया।

इसके अलावा निगम, मंडल और आयोगों के अध्यक्षों के साथ बैठक कर आगामी लक्ष्यों और संगठनात्मक रणनीति पर चर्चा की गई।

पार्टी कार्यालय में भारत माता और वरिष्ठ नेताओं को नमन

प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचने पर स्मृति ईरानी ने परिसर स्थित ‘स्मृति मंदिर’ में भारत माता और पार्टी के पितृ-पुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। इससे पहले रायपुर पहुंचने पर उनका और भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू का पार्टी की ओर से स्वागत किया गया।

पार्टी की ओर से स्वागत के दौरान बड़े-बड़े फ्लेक्स और पोस्टरों के बजाय भाजपा के ध्वजों के जरिए स्वागत करने की बात कही गई। इसे संगठन की शुचिता और सादगी की राजनीति के उदाहरण के तौर पर प्रस्तुत किया गया।

‘मन की बात’ सुनने के साथ शुरू हुआ दौरे का कार्यक्रम

स्मृति ईरानी के दौरे के पहले दिन की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनने के साथ हुई। इसके बाद दिनभर संगठन के विभिन्न स्तरों से जुड़े पदाधिकारियों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में संगठनात्मक कामकाज, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में ये नेता रहे मौजूद

बैठकों में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी और डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

स्मृति ईरानी के दौरे को छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी चुनावी लक्ष्य के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।