#प्रदेश

Delhi Building Collapse: दिल्ली में निर्माणाधीन मकान का स्लैब गिरा, 3 लोगों की मौत; मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी

Advertisement Carousel

नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में निर्माणाधीन मकान का स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मिलन गार्डन, सेवाधाम रोड पर रविवार शाम हुए इस हादसे में अब तक तीन शव बरामद किए गए हैं। उत्तर-पूर्वी जिले के अतिरिक्त डीसीपी संदीप लांबा ने मौतों की पुष्टि की है। घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान जारी है। मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका के चलते बचाव दल लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं।

रविवार शाम अचानक भरभराकर गिरा मकान

पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब 6:46 बजे हर्ष विहार के मिलन गार्डन इलाके में एक करीब 200 गज का मकान गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इसके बाद मलबे में फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए मौके पर राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया गया। देर रात दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और आशीष सूद भी घटनास्थल पर पहुंचे।

पुराने मकान पर बनाई जा रही थी एक और मंजिल

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान मालिक कुलविंदर तंवर ने पुलिस को बताया कि हादसे वाली जगह पर उनका पुराना मकान था। पिछले कुछ दिनों से उस पर एक और मंजिल बनाने का काम चल रहा था। रविवार को नए निर्माण के लिए छत का लेंटर डाला गया था।

बताया जा रहा है कि शाम करीब पांच बजे तक लेंटर डालने का काम जारी था। मजदूरों के वहां से जाने के कुछ समय बाद ही मकान अचानक ढह गया। हादसे के कारण आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

लेंटर का भार नहीं सह पाया पुराना मकान?

स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि पुराना मकान नए लेंटर का भार नहीं सह सका, जिसके कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, मकान गिरने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि लेंटर डालने के दौरान ही मकान गिरता, तो हादसा और गंभीर हो सकता था। फिलहाल पुलिस और बचाव दल मलबे की जांच कर रहे हैं।

तीन शव बरामद, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

हादसे के बाद मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए बचाव अभियान जारी रखा गया है। अब तक तीन शव बरामद किए जा चुके हैं। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि मलबे के नीचे और कोई व्यक्ति फंसा हुआ है या नहीं।

पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। राहत एवं बचाव अभियान पूरा होने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और संभावित कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।