CG Weather Update: आज से छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून, रायपुर समेत कई जिलों में बारिश और वज्रपात की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले कुछ दिनों से मध्य क्षेत्रों में गर्मी और उमस का असर बढ़ गया है, जबकि सरगुजा और बस्तर संभाग के कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। राजधानी रायपुर में रविवार को बारिश नहीं होने से लोगों को तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, 13 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना है। अगले पांच दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।
रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को रायपुर में आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। दिन में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
प्रदेश में मौसम का हाल
रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। इस दौरान पेंड्रा रोड में सबसे अधिक 35.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
क्या कहता है मौसम विभाग?
मौसम विभाग के अनुसार, समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में दक्षिण असम तक फैली हुई है। वहीं उत्तर-पूर्व बिहार और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।
इन मौसम प्रणालियों के प्रभाव से छत्तीसगढ़ में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और खुले स्थानों में जाने से बचने की सलाह दी है।




