CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में थमा मानसून, 26% कम हुई बारिश; 15-16 जुलाई से फिर बदलेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा, जिससे बारिश का इंतजार और बढ़ गया है। राजधानी रायपुर पूरी तरह सूखी रही और सोमवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर भी दर्ज किया गया। अब तक राज्य में सामान्य से 26 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है।
15 और 16 जुलाई से फिर बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 15 और 16 जुलाई से प्रदेश में वर्षा की गतिविधियों में फिर तेजी आने की संभावना है। इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं।
रायपुर रहा सबसे गर्म
सोमवार को प्रदेश में रायपुर और बिलासपुर का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आज रायपुर का मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को राजधानी रायपुर में दिनभर आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने बताया कारण
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मानसून द्रोणिका इस समय श्रीगंगानगर, हिसार, मुरादाबाद, गोरखपुर, मुजफ्फरपुर, बालुरघाट होते हुए मणिपुर तक फैली हुई है। वहीं उत्तरी बंगाल की खाड़ी और दक्षिणी बांग्लादेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी सिस्टम के प्रभाव से मंगलवार को प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।




