#प्रदेश

CG विधानसभा मानसून सत्र: आज दूसरे दिन सदन में हंगामे के आसार, अविश्वास प्रस्ताव से नक्सलवाद तक कई मुद्दों पर होगी चर्चा

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पांच दिवसीय मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है। मंगलवार को सदन की कार्यवाही के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। प्रश्नकाल के साथ शुरू होने वाली कार्यवाही में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सदन की कार्यवाही में शामिल होंगे। वहीं डिप्टी मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री लखन लाल देवांगन और मंत्री गजेंद्र यादव अपने-अपने विभागों से जुड़े सवालों के जवाब देंगे।

नक्सलवाद पर आभार प्रस्ताव, विपक्ष लाएगा अविश्वास प्रस्ताव

सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नक्सलवाद के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई और उपलब्धियों को लेकर आभार प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे। दूसरी ओर, विपक्ष सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश करने की अनुमति मांगेगा, जिससे सदन का राजनीतिक माहौल और गरमा सकता है।

इन मुद्दों पर भी होगी चर्चा

ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत प्रदेश की पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और जांजगीर-चांपा जिले में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि के वितरण में कथित अनियमितताओं का मामला सदन में उठाया जाएगा।

इसके अलावा विधायक सुशांत शुक्ला, भावना बोहरा और रोहित साहू विभिन्न याचिकाएं सदन के पटल पर प्रस्तुत करेंगे।

वित्त मंत्री रखेंगे अहम दस्तावेज

वित्त मंत्री ओपी चौधरी विभिन्न विभागों से जुड़े पत्र सदन के पटल पर रखेंगे। साथ ही प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण अधिनियम से संबंधित शासकीय संकल्प भी प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा मंत्री टंक राम वर्मा के साथ मिलकर वे शासकीय विधि संबंधी कार्यों को पुनःस्थापित करेंगे।

आज के विधानसभा सत्र में सत्ता और विपक्ष के बीच नक्सलवाद, अविश्वास प्रस्ताव, पुरातात्विक धरोहरों के संरक्षण और प्रशासनिक अनियमितताओं जैसे मुद्दों पर जोरदार बहस होने की संभावना है।