अनंतनाग में आतंकी हमला, अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल शहीद

० लाल चौक में आतंकियों ने की फायरिंग, TRF ने ली हमले की जिम्मेदारी; इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में बुधवार दोपहर आतंकियों ने अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी को निशाना बनाया। हमले में हेड कांस्टेबल आशिक हुसैन शहीद हो गए। घटना दोपहर करीब 12:30 बजे अनंतनाग के लाल चौक इलाके में हुई।
हमले के तुरंत बाद घायल हेड कांस्टेबल को सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अनंतनाग ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के मुखौटा संगठन द रेजिस्टेंस फ्रंट (TRF) ने सोशल मीडिया के जरिए हमले की जिम्मेदारी ली है। हाल के महीनों में घाटी में आतंकी घटनाओं में कमी आई थी, ऐसे में इस हमले को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं।
इधर, खराब मौसम के चलते 19 जुलाई से अमरनाथ यात्रा स्थगित है। जम्मू-कश्मीर में पिछले तीन दिनों से जारी भारी बारिश, भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण विशेष रूप से पुंछ और राजौरी जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
वहीं, एक अलग घटना में राजौरी जिले के सुंदरबनी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास ड्यूटी के दौरान संतुलन बिगड़ने से राइफलमैन सुखप्रीत सिंह (27) की ऊंचाई से गिरकर मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए पंजाब स्थित उनके पैतृक गांव भेजा जाएगा।





