सावन से पहले मां महामाया मंदिर में चोरी, लाखों के सोने-चांदी के जेवरात ले उड़े चोर

० कवर्धा के मड़मड़ा गांव स्थित मंदिर को बनाया निशाना, ताला तोड़कर गर्भगृह से आभूषण पार; पुलिस जांच में जुटी
कवर्धा। सावन शुरू होने से ठीक पहले कबीरधाम जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र स्थित मड़मड़ा गांव के मां महामाया मंदिर में बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है। मंगलवार देर रात अज्ञात चोर मंदिर का ताला तोड़कर गर्भगृह में रखे माता रानी के लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर फरार हो गए।
बुधवार सुबह जब पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा मिला। गर्भगृह की जांच करने पर माता रानी के आभूषण गायब थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुजारी के मुताबिक, चोरी हुए आभूषणों में सोने का हार, झुमके, सोने की पत्ती, चांदी का करधन सहित कई कीमती जेवर शामिल हैं। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मंदिर पहुंच गए। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रात में नियमित पुलिस गश्त और मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित पटेल ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया है।





