#प्रदेश #राष्ट्रीय

दिल्ली में आज भी 16 मेट्रो स्टेशन बंद, DMRC का बड़ा फैसला; यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी

Advertisement Carousel

 

० सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक कई प्रमुख स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, तीन इंटरचेंज स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की सुविधा जारी

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने गुरुवार को भी बड़ा फैसला लेते हुए 16 मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। DMRC के अनुसार, सुबह 7:30 बजे से अगले आदेश तक इन स्टेशनों पर यात्रियों की एंट्री और एग्जिट पूरी तरह बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट जैसे प्रमुख इंटरचेंज स्टेशनों पर ट्रेन बदलने की सुविधा जारी रहेगी।

इन 16 मेट्रो स्टेशनों पर रोक

बंद किए गए स्टेशनों में लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग और शिवाजी स्टेडियम शामिल हैं।

इंटरचेंज की सुविधा रहेगी जारी

DMRC ने स्पष्ट किया है कि राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर यात्री केवल ट्रेन बदल सकेंगे। इन स्टेशनों से बाहर निकलने या अंदर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

यात्रियों से यात्रा से पहले अपडेट देखने की अपील

DMRC ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले नवीनतम अपडेट देखने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी है, ताकि उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

बुधवार को भी थमी रही राजधानी की रफ्तार

बुधवार को भी सुरक्षा कारणों से यही 16 मेट्रो स्टेशन करीब साढ़े नौ घंटे तक बंद रहे थे। इस दौरान ट्रेनों का संचालन जारी रहा, लेकिन वे बंद स्टेशनों पर नहीं रुकीं। इससे हजारों यात्रियों को अपने गंतव्य से आगे उतरकर सड़क मार्ग से वापस लौटना पड़ा।

ऑटो और कैब का किराया बढ़ा

मेट्रो स्टेशन बंद होने का सबसे अधिक असर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ा। ऑटो, ई-रिक्शा और कैब चालकों ने बढ़ी मांग का फायदा उठाते हुए सामान्य किराये की तुलना में कई गुना अधिक किराया वसूला। वहीं, डीटीसी और क्लस्टर बसों में भी क्षमता से अधिक भीड़ देखने को मिली।