#राष्ट्रीय

Breaking : NEET विवाद के बाद NTA में बड़ी कार्रवाई, 47 अधिकारी बर्खास्त; परीक्षा प्रणाली में होंगे व्यापक बदलाव

Advertisement Carousel

० पेपर लीक रोकने के लिए सख्त सुधारों की तैयारी, आउटसोर्सिंग से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक होगा पुनर्गठन

 

नई दिल्ली। NEET-2026 पेपर लीक विवाद के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) में अब तक की सबसे बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। एजेंसी ने 47 अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है, जबकि कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी तैयारी की जा रही है। सरकार ने संकेत दिए हैं कि NTA की कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएंगे और परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी के पंचायती राज मंत्रालय में तबादले के एक दिन बाद यह कार्रवाई हुई। NTA अधिकारियों का कहना है कि एजेंसी का पूरी तरह कायाकल्प किया जाएगा और चरणबद्ध तरीके से सुधारात्मक कदम लागू किए जाएंगे।

NTA में संभावित बड़े बदलाव
० परीक्षा संचालन की आउटसोर्सिंग व्यवस्था की समीक्षा।
० निजी वेंडर्स और सेवा प्रदाताओं के चयन के नियम होंगे सख्त।
० लीक-प्रूफ परीक्षा प्रणाली विकसित करने की तैयारी।
० प्रश्नपत्रों की सुरक्षा और वितरण व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
० परीक्षा केंद्रों के चयन और निगरानी की नई व्यवस्था लागू होगी।
० जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए नए प्रावधान किए जाएंगे।
० परीक्षा प्रक्रिया की नियमित समीक्षा और तकनीकी निगरानी को मजबूत किया जाएगा।

सुधार की जरूरत क्यों पड़ी?

NEET-2026 पेपर लीक विवाद के बाद NTA की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल उठे। छात्रों ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन कर परीक्षा प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग की। यह मुद्दा राजनीतिक स्तर पर भी गर्माया और विपक्ष ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे तथा संसद में चर्चा की मांग उठाई।

पहले भी हुई थी कार्रवाई

इससे पहले 2024 में NEET और UGC-NET पेपर लीक विवाद के बाद तत्कालीन NTA महानिदेशक सुबोध कुमार सिंह को पद से हटाया गया था। उन्हें बाद में इस्पात मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव बनाया गया और फिर उनके मूल कैडर छत्तीसगढ़ वापस भेज दिया गया।

NTA कौन-कौन सी परीक्षाएं कराता है?

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी देशभर में NEET-UG, JEE Main, CUET-UG, CUET-PG, UGC-NET, CSIR-UGC NET, CMAT, GPAT, AIAPGET, JIPMAT, NCET, AISSEE, NCHM JEE, NSSNET, SHRESHTA और SWAYAM समेत 15 से 20 राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश एवं पात्रता परीक्षाओं का आयोजन करती है। इन परीक्षाओं के जरिए मेडिकल, इंजीनियरिंग, विश्वविद्यालयों, प्रबंधन, फार्मेसी और अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाता है।