#राष्ट्रीय

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद जंतर-मंतर पर जश्न, ‘थैंक यू कुच्चू पुच्चू’ के नारों से गूंजा आंदोलन स्थल

Advertisement Carousel

 

० ढोल-नगाड़ों पर झूमे छात्र, सोशल मीडिया पर भी छाए मीम्स और हैशटैग, जेएनयू शिक्षक संघ ने बताया लोकतंत्र की जीत

नई दिल्ली। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की घोषणा होते ही जंतर-मंतर पर चल रहा छात्र आंदोलन जश्न में बदल गया। कई दिनों से धरने पर बैठे छात्र और युवा खुशी से झूम उठे। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य हुआ, प्रदर्शनकारियों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाई दी और पूरे परिसर में भारत माता की जय के नारों के साथ उत्साह का माहौल देखने को मिला।

‘थैंक यू कुच्चू पुच्चू’ बना सबसे चर्चित नारा

जश्न के दौरान सबसे अधिक चर्चा ‘थैंक यू कुच्चू पुच्चू’ नारे की रही। शुरुआत कुछ युवाओं ने मजाकिया अंदाज में की, लेकिन देखते ही देखते पूरा जंतर-मंतर इसी नारे से गूंज उठा। इसके साथ ही ‘एकदम से वक्त बदल दिया, जज्बात बदल दिए’ संवाद भी लगातार सुनाई देता रहा, जिस पर प्रदर्शनकारी तालियों और नारों के साथ अपनी खुशी जाहिर करते रहे।

सोशल मीडिया पर छाया जश्न

इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। मीम्स, रील्स और वीडियो के जरिए छात्रों ने अपनी खुशी साझा की। फिल्मों, वेब सीरीज और क्रिकेट के लोकप्रिय दृश्यों का इस्तेमाल कर आंदोलन की सफलता को रचनात्मक अंदाज में पेश किया गया। #DharmendraPradhanResign और #CjpZindabad जैसे हैशटैग तेजी से ट्रेंड करते रहे।

जेएनयू शिक्षक संघ ने बताया लोकतंत्र की जीत

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) शिक्षक संघ ने शिक्षा मंत्री के इस्तीफे को छात्र-युवा आंदोलन और लोकतंत्र की बड़ी जीत बताया। हालांकि संघ ने कहा कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है। शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की भूमिका की समीक्षा और विश्वविद्यालयों को प्रवेश परीक्षाओं की स्वायत्तता लौटाने की भी जरूरत है।

देशभक्ति के रंग में रंगा जंतर-मंतर

धरना स्थल पर प्रदर्शनकारियों ने तिरंगा लहराया, देशभक्ति गीतों पर नृत्य किया और वंदे मातरम् व भारत माता की जय के नारों से माहौल गूंज उठा। कई युवा हाथों में तिरंगा और डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीरें लेकर जश्न मनाते नजर आए। कई लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को मोबाइल कैमरों में कैद किया और सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण भी किया।

अभिजीत दीपके का भावुक वीडियो हुआ वायरल

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके का एक भावुक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। इस्तीफे की खबर मिलते ही वह मंच पर भावुक हो गए और घुटनों के बल बैठकर अपनी खुशी जाहिर की। समर्थकों ने इसे लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता और लोकतांत्रिक आंदोलन की ताकत का प्रतीक बताया।