#प्रदेश

बलौदा बाजार में कारोबारी के घर ED-IT की दबिश, देर रात शुरू हुई संयुक्त कार्रवाई

Advertisement Carousel

 

० पीतल कारोबारी के मकान और कारखाने में चल रही जांच, शराब कारोबार और मनी लॉन्ड्रिंग एंगल की भी पड़ताल

बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार में शनिवार देर रात प्रवर्तन निदेशालय (ED) और आयकर विभाग (IT) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कारोबारी के घर और कारखाने पर छापा मारा। कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल मच गई। फिलहाल अधिकारी दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड की जांच में जुटे हैं।

जानकारी के अनुसार, नगर के गौरव पथ स्थित पीतल कारोबारी राजकुमार सराफ के मकान और कारखाने में ED और IT की टीम ने एक साथ दबिश दी। बताया जा रहा है कि कारोबारी के बेटे शराब कारोबार से भी जुड़े हुए हैं, जिसके चलते विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान मकान के बाहर स्थानीय पुलिस बल तैनात रहा, जबकि अंदर ED और आयकर विभाग के अधिकारी दस्तावेजों की जांच और पूछताछ में जुटे रहे। बाहर निकले अधिकारियों ने कार्रवाई के संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी देने से इनकार किया।

सूत्रों के अनुसार, कारोबारी परिवार की राजनीतिक पहुंच भी बताई जा रही है। ऐसे में इस कार्रवाई को कथित मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय लेन-देन की जांच से भी जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से अब तक किसी भी मामले की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।