छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में रेड अलर्ट; तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली की चेतावनी

० रायपुर सबसे गर्म जिला रहा, आज 60-80 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश के आसार
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और आकाशीय बिजली को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। खासकर रायपुर समेत मैदानी इलाकों में मौसम के अचानक बदलने की संभावना जताई गई है। लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को रायपुर 33 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म इलाका रहा, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। लटोरी, कुसमी, पत्थलगांव, मैनपाट, सीतापुर और पौड़ी उपरोड़ा में 1 से 2 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई।
इन जिलों में रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़ और बिलासपुर जिलों में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज और यलो अलर्ट भी जारी
सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, बालोद, राजनांदगांव, कोरबा, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली समेत कई जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बीजापुर, दंतेवाड़ा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई क्षेत्रों में 40 किमी प्रति घंटे तक की तेज हवाओं और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
रायपुर में कैसा रहेगा मौसम?
राजधानी रायपुर में सुबह से बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग ने दिनभर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मानसून सिस्टम सक्रिय
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून द्रोणिका वर्तमान में जैसलमेर, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, शिवपुरी, दतिया, सीधी, डाल्टनगंज होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र तक फैली हुई है। इसके अलावा 3.1 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर पूर्व-पश्चिम शियर जोन सक्रिय है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के अनेक हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।




