#प्रदेश

रायपुर में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग, पेपर लीक के विरोध में छात्रों का प्रदर्शन

Advertisement Carousel

 

० 12वीं बोर्ड हिंदी पेपर लीक मामले पर अंबेडकर चौक में जुटे छात्र, सख्त कानून और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठी मांग

रायपुर। 12वीं बोर्ड के हिंदी विषय का पेपर लीक होने के मामले को लेकर राजधानी रायपुर में छात्रों का विरोध प्रदर्शन तेज हो गया है। रविवार को बड़ी संख्या में छात्र अंबेडकर चौक पर एकत्र हुए और राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस आंदोलन को एनएसयूआई का भी समर्थन मिला।

प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों से लाखों विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने मांग की कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त और प्रभावी कानून बनाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

सख्त कानून बनाने की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बार-बार हो रहे पेपर लीक से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। छात्रों ने सरकार से मांग की कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मजबूत कानूनी व्यवस्था लागू की जाए।

हरिका राव को न्याय और मुआवजे की मांग

आंदोलन में शामिल छात्रों ने री-नीट परीक्षा से जुड़े घटनाक्रम के बाद आत्महत्या करने वाली हरिका राव के परिवार को न्याय और उचित मुआवजा देने की भी मांग की। उनका कहना था कि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता मिलनी चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।

एनएसयूआई ने दिया समर्थन

प्रदर्शन में एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी शामिल हुए। संगठन ने छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई के लिए सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।