कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया का बड़ा ऐलान, 2028 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे

0 उम्र, स्वास्थ्य और राजनीति में बढ़ते भ्रष्टाचार का दिया हवाला, कहा- जनसेवा जारी रहेगी लेकिन चुनावी राजनीति से रहूंगा दूर
बेंगलुरु। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया ने रविवार को चुनावी राजनीति को लेकर बड़ा फैसला सुनाया। उन्होंने घोषणा की कि वह 2028 का कर्नाटक विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। सिद्धारमैया ने अपने फैसले के पीछे बढ़ती उम्र, स्वास्थ्य संबंधी कारणों और राजनीति में बढ़ते भ्रष्टाचार को प्रमुख वजह बताया।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने फैसले की जानकारी देते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि वह फिलहाल 79 वर्ष के हैं और अगले विधानसभा चुनाव तक उनकी उम्र 81-82 वर्ष हो जाएगी। उन्होंने कहा कि अब पहले जैसी ऊर्जा और स्वास्थ्य नहीं रहा, इसलिए चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया है।
भ्रष्टाचार पर जताई चिंता
मांड्या जिले में आयोजित एक कार्यक्रम में सिद्धारमैया ने कहा कि राजनीति में धनबल का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहले लोग चंदा जुटाकर उम्मीदवारों को चुनाव जिताते थे, लेकिन अब चुनाव लड़ने के लिए पैसे बांटने जैसी स्थिति बन गई है। उनके मुताबिक, राजनीति में ईमानदारी के लिए अब पहले जैसी जगह नहीं बची है।
जनसेवा जारी रखने का भरोसा
सिद्धारमैया ने स्पष्ट किया कि वह चुनाव नहीं लड़ेंगे, लेकिन सार्वजनिक जीवन से संन्यास नहीं ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के सुख-दुख में साथ खड़े रहेंगे और सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
50 साल के राजनीतिक सफर का किया जिक्र
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1978 में तालुक बोर्ड सदस्य के रूप में अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। वर्ष 2028 तक उनके सार्वजनिक जीवन के 50 वर्ष पूरे हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस लंबे सफर में जीत और हार दोनों देखीं, लेकिन कभी अपने सिद्धांतों और अंतरात्मा से समझौता नहीं किया।
वरुणा सीट से दोबारा चुनाव नहीं लड़ने का फैसला
सिद्धारमैया ने बताया कि उनके वरुणा विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने उन्हें एक बार फिर चुनाव लड़ने का आग्रह किया था, लेकिन उन्होंने चुनावी राजनीति से अलग होने का मन बना लिया है। उन्होंने कर्नाटक की जनता का वर्षों तक मिले समर्थन के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन का शेष समय भी जनसेवा के लिए समर्पित रहेगा।




