#राष्ट्रीय

दुबई-मुंबई इंडिगो फ्लाइट में उड़ान के दौरान मचा हड़कंप, धुएं की चेतावनी मिलते ही राजकोट में इमरजेंसी लैंडिंग

Advertisement Carousel

० कार्गो कंपार्टमेंट से स्मोक अलर्ट के बाद बदला गया रूट, 194 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया; तकनीकी जांच शुरू

राजकोट। दुबई से मुंबई आ रही इंडिगो की एक उड़ान में उस समय हड़कंप मच गया, जब उड़ान के दौरान विमान के कार्गो कंपार्टमेंट से धुआं निकलने की चेतावनी मिली। सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पायलट ने तत्काल विमान का रूट बदलकर गुजरात के राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी 194 यात्री और चालक दल के सदस्य पूरी तरह सुरक्षित हैं।

मुंबई की बजाय राजकोट किया गया डायवर्ट
जानकारी के मुताबिक, उड़ान के दौरान कॉकपिट में कार्गो कंपार्टमेंट से स्मोक अलर्ट मिला। संभावित खतरे को देखते हुए पायलट ने बिना देर किए एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क किया और विमान को मुंबई की बजाय राजकोट डायवर्ट करने का फैसला लिया। सुरक्षित लैंडिंग के बाद यात्रियों को एहतियात के तौर पर तुरंत विमान से बाहर निकाल लिया गया।

इमरजेंसी लैंडिंग की सूचना मिलते ही राजकोट एयरपोर्ट प्रशासन हाई अलर्ट पर आ गया। रनवे पर फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां, पानी के टैंकर, एंबुलेंस और मेडिकल टीमें पहले से तैनात कर दी गईं। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी एयरपोर्ट पहुंच गए और पूरे ऑपरेशन की निगरानी करते रहे।

कार्गो कंपार्टमेंट में मिले स्मोक अलर्ट की हो रही जाँच
लैंडिंग के बाद विमान को जांच के लिए अलग खड़ा कर दिया गया है। तकनीकी विशेषज्ञ कार्गो कंपार्टमेंट में मिले स्मोक अलर्ट के कारणों की जांच कर रहे हैं। फिलहाल किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही धुएं की चेतावनी की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।