#प्रदेश

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन मानसून रहेगा सक्रिय, कई जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

Advertisement Carousel

 

० रायपुर समेत कई इलाकों में तापमान 3 डिग्री तक गिरा, मौसम हुआ सुहावना; कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी। सोमवार को अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है।

रविवार को रायपुर सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के मुताबिक अब तक प्रदेश में सामान्य से करीब 20 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम

राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदा बाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में तेज हवाओं, मध्यम से भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

तापमान में आई गिरावट

बारिश के चलते रायपुर, बसना, सरायपाली, सोनाखान, पिथौरा, बिलाईगढ़, सारंगढ़, बगीचा और कोरबा समेत कई इलाकों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई। रविवार को प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी 23 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, खुले स्थानों पर जाने से बचने और बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।