#राष्ट्रीय

देशभर में बारिश का कहर: हिमाचल में बादल फटा, असम-गुजरात में बाढ़ से तबाही, कई राज्यों में रेड अलर्ट

Advertisement Carousel

0 लाहौल-स्पीति में पुल और सड़क बही, असम में बाढ़ से 68 मौतें, गुजरात में सेना ने संभाली राहत की कमान; IMD ने अगले 2-3 दिनों तक भारी बारिश की चेतावनी दी

नई दिल्ली। देश के कई राज्यों में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। हिमाचल प्रदेश में बादल फटने, असम और गुजरात में बाढ़ तथा कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाओं से हालात गंभीर बने हुए हैं। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर-पश्चिम, पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक भारी से अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में बादल फटा, सात गांवों का संपर्क टूटा
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की मयाड़ घाटी में शनिवार रात बादल फटने से धांधल नाला उफान पर आ गया। तेज बहाव में एक पुल और सड़क बह गई, जिससे सात गांवों का संपर्क पूरी तरह कट गया। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत और स्थिति का आकलन शुरू कर दिया है।

असम में बाढ़ से 68 मौतें, पीएम ने लिया हालात का जायजा
असम में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। अब तक 68 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल से फोन पर बात कर राज्य के हालात की जानकारी ली। सोनोवाल फिलहाल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

गुजरात में सेना ने संभाली राहत की कमान
गुजरात और दादरा एवं नगर हवेली में भारी बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए हैं। राज्य में अब तक 35 लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें 29 मौतें वलसाड और नवसारी जिलों में हुई हैं। सेना, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं। अब तक 790 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

ओडिशा में रेड अलर्ट, डिप्रेशन का असर
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे डिप्रेशन में बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में इसके उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल तट से टकराने की संभावना है। इसके प्रभाव से ओडिशा के सुंदरगढ़, क्योंझर और मयूरभंज जिलों में 29 जुलाई तक अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

IMD की चेतावनी
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।