#प्रदेश

‘कांग्रेस पहले खुद का हिसाब दे, फिर भाजपा पर सवाल उठाए’… सीएम साय का तीखा पलटवार

Advertisement Carousel

० धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बताया भाजपा की जवाबदेही का उदाहरण, राहुल गांधी के बयान पर भी किया पलटवार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस के आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा जवाबदेही, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भाजपा की नैतिकता और जवाबदेही की संस्कृति को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है और पार्टी के सभी निर्णय सिद्धांतों और जवाबदेही के आधार पर लिए जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि धर्मेंद्र प्रधान ने लंबे समय तक ईमानदारी और समर्पण के साथ देश की सेवा की है।

नीट पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से माफी की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए सीएम साय ने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल और रिकॉर्ड का मूल्यांकन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा अंतर रहा है, जिसके कारण जनता का उस पर विश्वास लगातार कम हुआ है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि दूसरों पर सवाल उठाने से पहले विपक्ष को आत्ममंथन करना चाहिए।