रायपुर के तेलीबांधा में आग का तांडव: हार्डवेयर दुकान से उठीं लपटें, ऑक्टोपस बार समेत कई दुकान स्वाहा

० देर रात मची अफरा-तफरी, दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू; आग लगने के कारणों की जांच जारी
रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा चौक पर मंगलवार देर रात भीषण आग लगने से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सुंदरानी हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित ऑक्टोपस बार सहित कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि दुकानों के बाहर खड़े छह से अधिक दोपहिया वाहन भी जलकर राख हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का वास्तविक आकलन प्रशासन द्वारा किया जा रहा है।
छत के रास्ते बाहर निकलकर लोगों ने बचाई जान
हादसे के दौरान ऑक्टोपस बार की ऊपरी मंजिल पर मौजूद लोगों ने समय रहते छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। वहीं आसपास के मकानों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली।

फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद आग पर पाया गया काबू
घटना की सूचना मिलते ही तेलीबांधा पुलिस, नगर निगम की फायर ब्रिगेड और निजी उद्योगों की दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए कई दमकल वाहनों की मदद ली गई। लगातार कई घंटों तक चले रेस्क्यू और फायर फाइटिंग ऑपरेशन के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
तेलीबांधा थाना प्रभारी अजय झा ने बताया कि आग हार्डवेयर दुकान से शुरू हुई थी। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।





