#प्रदेश

CG Weather Today : गहरे अवदाब का असर जारी, अगले 48 घंटे छत्तीसगढ़ में झमाझम बारिश के आसार

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सक्रिय गहरे अवदाब के प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई, जबकि राजधानी रायपुर में भी देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। हालांकि, प्रदेश में अब तक सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है।

गहरा अवदाब और मानसून द्रोणिका सक्रिय

मौसम विभाग के मुताबिक, गहरा अवदाब फिलहाल उत्तर तटीय ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना हुआ है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा, दक्षिण झारखंड और उत्तर छत्तीसगढ़ तक पहुंच सकता है। इसके साथ ही मानसून द्रोणिका अनूपगढ़, पिलानी, हमीरपुर, डाल्टनगंज होते हुए गहरे अवदाब के केंद्र से गुजरते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिससे प्रदेश में लगातार नमी बनी हुई है।

इन जिलों में सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान चांपा में सबसे अधिक 11 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा जांजगीर और अकलतरा में 9-9 सेंटीमीटर, जबकि नगरी, मैनपुर, गुरूर, राधम और पिथौरा में 8-8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। कई अन्य जिलों में भी मध्यम से तेज बारिश हुई।

रायपुर में आज भी बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में पिछले 24 घंटों के दौरान 5 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम खुशनुमा हो गया। मौसम विभाग ने बुधवार को शहर में दिनभर बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। आज अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और जलभराव वाले इलाकों से बचने की सलाह दी है।