#प्रदेश

कबीरधाम के बैगा बहुल गांव में मलेरिया का कहर, 35 संक्रमित मिले; 20 मरीज अस्पताल में भर्ती

Advertisement Carousel

 

० 15 दिनों से बढ़ रहे हैं मामले, स्वास्थ्य विभाग ने लगाया विशेष शिविर; 1,270 ग्रामीणों की जांच, बच्चों में भी संक्रमण की पुष्टि

कवर्धा। कबीरधाम जिले के बैगा बहुल मुड़वाही गांव में मलेरिया का प्रकोप फैलने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। पिछले करीब 15 दिनों से गांव में लगातार मलेरिया के मरीज सामने आ रहे हैं। स्थिति गंभीर होने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर व्यापक जांच अभियान चलाया, जिसमें 1,270 से अधिक ग्रामीणों की स्क्रीनिंग की गई। जांच के दौरान 35 लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई, जिनमें 20 मरीजों को झलमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है।

बच्चों में भी मिला संक्रमण

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार संक्रमित मरीजों में 5 से 6 बच्चे भी शामिल हैं। सभी मरीजों का उपचार जारी है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि समय पर इलाज मिलने से मरीजों की हालत में सुधार हो रहा है।

तीन मौतों से ग्रामीणों में दहशत

ग्रामीणों का दावा है कि हाल के दिनों में गांव में अलग-अलग बीमारियों के कारण तीन लोगों की मौत हुई है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि इन मौतों का संबंध मलेरिया से है या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

हर साल बारिश में बढ़ता है खतरा

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मुड़वाही गांव में हर वर्ष बारिश के मौसम में मलेरिया के मामले बढ़ जाते हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने गांव में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर जांच और उपचार अभियान तेज कर दिया है। साथ ही ग्रामीणों को साफ-सफाई बनाए रखने, नालियों की नियमित सफाई करने, मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने और उबालकर पानी पीने की सलाह दी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी

बोड़ला बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और बड़े पैमाने पर जांच की गई। अब तक 1,270 से अधिक लोगों की जांच में 35 मलेरिया संक्रमित मिले हैं। इनमें से 20 मरीजों का झलमला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार चल रहा है। उन्होंने बताया कि गांव में लगातार स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर मरीजों की निगरानी की जा रही है और संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।