रायगढ़ के मां शिवा प्लांट में बड़ा हादसा, इंडक्शन फर्नेस में ब्लास्ट जैसी स्थिति से 5 श्रमिक झुलसे, दो की हालत गंभीर

0 तकनीकी गड़बड़ी के चलते फर्नेस में तेज उफान, घायलों का इलाज जारी; पुलिस ने शुरू की जांच
रायगढ़। जिले के औद्योगिक क्षेत्र पूंजीपथरा स्थित मां शिवा प्लांट में बुधवार सुबह बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। इंडक्शन फर्नेस में अचानक तकनीकी खराबी आने से तेज उफान (बॉयलिंग) की स्थिति बन गई, जिसकी चपेट में आकर पांच श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सुबह 7 बजे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 7 बजे हुआ। उस समय श्रमिक फर्नेस के पास काम कर रहे थे। अचानक फर्नेस में तकनीकी गड़बड़ी के कारण पिघला हुआ धातु उफान पर आ गया और पास में मौजूद कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।
दो श्रमिकों की हालत गंभीर
घायलों की पहचान प्रमोद सोनी, चौखट सिंह, शनि सिंह, चतुर यादव और गुड्डु यादव के रूप में हुई है। सभी को उपचार के लिए रायगढ़ के ओपी फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार प्रमोद सोनी और चौखट सिंह की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य तीन श्रमिकों का इलाज रायगढ़ में जारी है।
जांच में जुटी पुलिस और प्रशासन
हादसे की सूचना मिलते ही पूंजीपथरा थाना पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल प्रशासन और प्लांट प्रबंधन घायलों के उपचार पर नजर बनाए हुए हैं, जबकि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।





