कॉमनवेल्थ की सिल्वर गर्ल ज्ञानेश्वरी के स्वागत को तैयार राजनांदगांव, 2 अगस्त को निकलेगा भव्य विजय जुलूस

० खुली गाड़ी में होगा रोड शो, नागरिक सम्मान समारोह की तैयारियां पूरी; खेल जगत, पुलिस विभाग और शहरवासियों में उत्साह
राजनांदगांव। कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की बेटी एवं वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव के भव्य स्वागत के लिए पूरा शहर तैयार है। उनके 2 अगस्त को राजनांदगांव पहुंचने की संभावना है। इस अवसर पर शहर में भव्य विजय जुलूस निकाला जाएगा और नागरिक सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
शहर की सीमा से शुरू होगा स्वागत
ज्ञानेश्वरी पहले दिल्ली पहुंचेंगी, जहां से सड़क मार्ग से राजनांदगांव आएंगी। शहर की सीमा पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद विशेष रूप से सजाई गई खुली गाड़ी में वे शहर के प्रमुख मार्गों से विजय जुलूस के रूप में गुजरेंगी। इस दौरान खिलाड़ी, खेल संगठन, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उनके स्वागत में शामिल होंगे।
खेल संगठनों से लेकर नगर निगम तक जुटा
ज्ञानेश्वरी के स्वागत की तैयारियों में वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन, विभिन्न खेल एवं सामाजिक संगठन, नगर निगम, चेंबर ऑफ कॉमर्स और स्थानीय नागरिक सक्रिय रूप से जुटे हैं। महापौर मधुसूदन यादव भी आयोजन को लेकर परिजनों और आयोजकों के साथ लगातार समन्वय कर रहे हैं।
ऑडिटोरियम में होगा नागरिक सम्मान
वेटलिफ्टिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित आजमानी ने बताया कि विजय जुलूस में डीजे, बैंड-बाजे और आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। शहरभर में स्वागत के लिए बैनर और होर्डिंग लगाए जा रहे हैं। जुलूस का समापन ऑडिटोरियम में होगा, जहां ज्ञानेश्वरी का नागरिक सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के शामिल होने की संभावना भी है।
संसद में भी गूंजी उपलब्धि
ज्ञानेश्वरी यादव की ऐतिहासिक सफलता की गूंज संसद तक पहुंची। सांसद संतोष पांडेय के अनुसार, लोकसभा में अध्यक्ष ओम बिरला ने उनके रजत पदक का उल्लेख किया, जिस पर सदन में सांसदों ने मेज थपथपाकर उनका अभिनंदन किया। इसे राजनांदगांव और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।
पुलिस विभाग भी करेगा सम्मान
ज्ञानेश्वरी यादव वर्तमान में राजनांदगांव जिला पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत हैं। उनकी उपलब्धि पर पुलिस विभाग में भी उत्साह का माहौल है। पुलिस महानिरीक्षक अजय यादव और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने उनकी सफलता को विभाग के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए उनके स्वागत और सम्मान की तैयारियां शुरू कर दी हैं।




