CG PSC घोटाले पर भाजपा का कांग्रेस पर हमला, कहा- NEET पर युवाओं की हितैषी बनने का कर रही पाखंड

० भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास बोले- कांग्रेस राज में भर्ती परीक्षाओं में हुआ संगठित भ्रष्टाचार, दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा
रायपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CG PSC) भर्ती घोटाले को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया गया और भर्ती परीक्षाओं में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं हुईं। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस NEET परीक्षा को लेकर युवाओं की हितैषी बनने का दावा कर रही है, जबकि छत्तीसगढ़ में हुए पीएससी घोटाले पर उसने कभी जवाब नहीं दिया।
‘PSC घोटाला युवाओं के साथ बड़ा षड्यंत्र’
गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि तत्कालीन सीजी-पीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी की ईडी और सीबीआई द्वारा गिरफ्तारी इस बात का प्रमाण है कि मामला केवल भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य के साथ बड़े षड्यंत्र का है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के चलते जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही हैं।
राहुल गांधी और कांग्रेस से मांगा जवाब
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में युवाओं ने पीएससी घोटाले के सबूत दिए थे, यहां तक कि राहुल गांधी को भी बिलासपुर दौरे के दौरान इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व ने इस पर चुप्पी साध ली। उन्होंने सवाल किया कि यदि कांग्रेस को अपनी गलती का एहसास है तो उसे प्रदेश के युवाओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं के लगाए आरोप
श्रीवास ने वन रक्षक भर्ती परीक्षा, विद्युत नियामक आयोग में असिस्टेंट डायरेक्टर भर्ती, असिस्टेंट प्रोफेसर, वन विभाग और छात्रावास अधीक्षक सहित कई भर्तियों में भाई-भतीजावाद और गड़बड़ियों के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार और जांच एजेंसियां मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शेंगी नहीं।
‘कांग्रेस शासन में संगठित तरीके से हुए पेपर लीक’
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता और पीएससी मामले के मुख्य याचिकाकर्ता रवीन्द्र सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में सीजी-पीएससी परीक्षाओं में संगठित तरीके से पेपर लीक किए गए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2003 और 2021 की परीक्षाओं में सुनियोजित तरीके से प्रश्नपत्र लीक कर चयन प्रक्रिया प्रभावित की गई। उन्होंने कहा कि इन मामलों में कार्रवाई भाजपा सरकार के आने के बाद शुरू हुई, जबकि कांग्रेस ने पूरे प्रकरण पर पर्दा डालने का प्रयास किया।
भाजपा का दावा- दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार युवाओं के साथ हुए अन्याय को लेकर गंभीर है। सीबीआई और ईडी की जांच के जरिए पूरे मामले में शामिल लोगों की जवाबदेही तय की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती और प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्रवीण साहू भी मौजूद रहे।





