#प्रदेश

बालोद के स्कूल में 5 छात्राएं अचानक बेहोश, एक की हालत गंभीर; जिला अस्पताल रेफर

Advertisement Carousel

 

० कक्षा 9वीं और 10वीं की छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से मचा हड़कंप, भूखे पेट स्कूल आने की आशंका; स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जांच

बालोद। जिले के डौंडीलोहारा विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खोलझर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कक्षा 9वीं और 10वीं की पांच छात्राएं अचानक चक्कर आने के बाद बेहोश होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से छात्राओं को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा पहुंचाया। इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल बालोद रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, सबसे पहले कक्षा 10वीं की छात्रा तिजिया यादव को चक्कर आया और वह अचानक जमीन पर गिर गई। कुछ ही देर बाद उसकी सांसें तेज चलने लगीं और वह छटपटाने लगी। शिक्षकों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी।

इसके बाद युहाना चंद्रवंशी, लिलिमा चंद्रवंशी, भूमिका तथा कक्षा 9वीं की छात्रा नितेश्वरी ने भी चक्कर आने, सीने में दर्द और घबराहट की शिकायत की और वे भी एक-एक कर बेहोश हो गईं। लगातार छात्राओं की तबीयत बिगड़ने से विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया।

सभी छात्राओं को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडीलोहारा ले जाया गया। जांच के दौरान युहाना चंद्रवंशी की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल बालोद रेफर कर दिया। वहीं तिजिया यादव और लिलिमा चंद्रवंशी की हालत में सुधार होने पर उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। जबकि भूमिका और नितेश्वरी का इलाज घर पर ही कराया गया।

विद्यालय के शिक्षकों का कहना है कि कुछ छात्राएं बिना पर्याप्त भोजन किए स्कूल पहुंची थीं, जिसके कारण कमजोरी और लो ब्लड शुगर की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ने की आशंका है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की जांच कर रहा है।

वहीं परिजनों ने बताया कि पिछले वर्ष भी इसी विद्यालय में छात्राओं के अचानक बेहोश होने की ऐसी ही घटना सामने आई थी। इसे देखते हुए अभिभावकों ने घटना की विस्तृत जांच कराने और वास्तविक कारणों का पता लगाने की मांग की है।