#प्रदेश

छत्तीसगढ़ को रेल नेटवर्क विस्तार की बड़ी सौगात, कटघोरा-डोंगरगढ़ समेत कई परियोजनाओं को मिली रफ्तार

Advertisement Carousel

 

० मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, लंबित और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं को जल्द आगे बढ़ाने पर बनी सहमति

रायपुर। छत्तीसगढ़ में रेल नेटवर्क के विस्तार को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर राज्य की लंबित और प्रस्तावित रेल परियोजनाओं को शीघ्र मंजूरी एवं गति देने का आग्रह किया। बैठक में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और राजनांदगांव सांसद संतोष पाण्डेय भी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान कटघोरा-डोंगरगढ़ और रावघाट-जगदलपुर समेत उत्तर एवं दक्षिण छत्तीसगढ़ की कई अहम रेल परियोजनाओं पर सकारात्मक चर्चा हुई। रेल मंत्री ने इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने का भरोसा दिया।

कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन पर बनी सहमति

करीब 295 किलोमीटर लंबी कटघोरा-डोंगरगढ़ नई रेल लाइन परियोजना को लेकर विशेष सहमति बनी। यह परियोजना रेल मंत्रालय और छत्तीसगढ़ सरकार के संयुक्त उपक्रम (ज्वाइंट वेंचर) के माध्यम से विकसित की जाएगी, जिसके लिए स्पेशल परपज़ व्हीकल (SPV) का गठन होगा।

यह रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी, जिससे इन क्षेत्रों को पहली बार सीधे रेल नेटवर्क से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त होगा।

रावघाट-जगदलपुर परियोजना अंतिम चरण में

बैठक में करीब 140 किलोमीटर लंबी रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है और रेलवे की निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। रेल मंत्री ने इस परियोजना को भी जल्द आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया।

उत्तर छत्तीसगढ़ की परियोजनाओं को भी मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री साय ने सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर (244 किमी), धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा (301 किमी) और अंबिकापुर-बरवाडीह (200 किमी) रेल परियोजनाओं को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। रेल मंत्री ने इन प्रस्तावों पर भी सकारात्मक रुख अपनाते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया।

बस्तर क्षेत्र की कनेक्टिविटी होगी मजबूत

बैठक में किरंदुल-कोत्तागुडेम (180 किमी) और गढ़चिरौली-बीजापुर-किरंदुल (बचेली) (490 किमी) नई रेल लाइन परियोजनाओं के सर्वे कार्य में तेजी लाने पर भी सहमति बनी। इन परियोजनाओं के पूरा होने से बस्तर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

रेल नेटवर्क विकास का मजबूत आधार: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आधुनिक रेल नेटवर्क राज्य के औद्योगिक, खनिज, कृषि, पर्यटन और जनजातीय क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल संपर्क से निवेश, रोजगार और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।

सांसद संतोष पाण्डेय ने जताया विश्वास

बैठक के बाद सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के बीच हुई चर्चा बेहद सार्थक रही। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इन रेल परियोजनाओं के पूरा होने से छत्तीसगढ़ में अधोसंरचना विकास, उद्योग, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।