#crime #प्रदेश

Gen Z प्रदर्शन के आपत्तिजनक पोस्टरों पर पुलिस सख्त, वायरल फोटो-वीडियो की भी होगी जांच

Advertisement Carousel

 

० रायपुर समेत प्रदेशभर में मिली शिकायतों के बाद कार्रवाई की तैयारी, पोस्टर लहराने वालों के साथ सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों की भी होगी पहचान

रायपुर। नीट-2026 पेपर लीक के विरोध में रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में Gen Z संगठन के प्रदर्शन के दौरान कथित रूप से लहराए गए आपत्तिजनक पोस्टरों और सोशल मीडिया पर वायरल फोटो-वीडियो को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। विभिन्न जिलों से शिकायतें मिलने के बाद संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है।

पुलिस केवल प्रदर्शन में आपत्तिजनक पोस्टर लेकर शामिल लोगों की ही नहीं, बल्कि उन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर अपलोड और प्रसारित करने वालों की भूमिका की भी जांच कर रही है। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों की पुलिस को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई और एफआईआर दर्ज की जाएगी।

रायपुर प्रदर्शन भी जांच के दायरे में

राजधानी रायपुर के कलेक्टोरेट चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर प्रतिमा के पास आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रतिभागियों के हाथों में अशोभनीय और आपत्तिजनक भाषा वाले पोस्टर थे। शिकायतों में यह भी कहा गया है कि कुछ नाबालिगों के हाथों में भी ऐसे पोस्टर थमाए गए थे। साथ ही, प्रदर्शन के लिए आवश्यक अनुमति नहीं होने की बात भी सामने आ रही है।

कानूनी कार्रवाई की तैयारी

कानूनी जानकारों के अनुसार, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार के बावजूद सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री का प्रदर्शन कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है।

यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 294 के तहत अश्लील कृत्य या प्रदर्शन से संबंधित कार्रवाई की जा सकती है। यदि पोस्टरों में महिलाओं का अशोभनीय चित्रण पाया जाता है, तो स्त्री अशिष्ट रूपण (प्रतिषेध) अधिनियम के प्रावधान भी लागू हो सकते हैं। वहीं, सार्वजनिक शांति भंग करने या लोगों में आक्रोश फैलाने की स्थिति में बीएनएस की धारा 296 के तहत भी कार्रवाई संभव है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले में साक्ष्य जुटाने, वीडियो फुटेज और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच कर संबंधित लोगों की भूमिका तय करने में जुटी हुई है।