#प्रदेश

मंत्री के दौरे से पहले कांग्रेस का आरोप, नगरी में सुबह 5 बजे कार्यकर्ताओं को घरों से उठाया

Advertisement Carousel

 

० राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा के दौरे से पहले पुलिस कार्रवाई पर कांग्रेस का विरोध, विपक्ष की आवाज दबाने का लगाया आरोप

धमतरी/नगरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी में राजस्व मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा के दौरे से पहले कांग्रेस ने पुलिस पर कार्यकर्ताओं को सुबह तड़के घरों से उठाने का आरोप लगाया है। कांग्रेस का कहना है कि सरकार जनता के मुद्दों को उठाने से रोकने के लिए पुलिस का दुरुपयोग कर रही है।

कांग्रेस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे नगरी पुलिस ने नगर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनके घरों से थाने ले गई। जिन कार्यकर्ताओं के नाम सामने आए हैं, उनमें प्रमोद कुंजाम, अभिषेक बंजारे, राकेश नेताम, आकाश नेताम, लक्ष्य तिवारी, हिमांशु प्रजापति, भीषम यादव और अंकुश देवांगन शामिल हैं।

विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि मंत्री के दौरे के दौरान क्षेत्र की समस्याएं और सरकार की नीतियों का विरोध किए जाने की आशंका से पहले ही पुलिस कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के अधिकार को दबाने का प्रयास किया गया।

आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि लोकतंत्र में विरोध करना अपराध नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज से घबराकर पुलिस का सहारा ले रही है।

थाने पहुंचकर जताया विरोध

घटना की जानकारी मिलने के बाद आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी, नगरी ब्लॉक अध्यक्ष अनवर राजा, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष राजेंद्र सोनी, जिला कांग्रेस सचिव भरत निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता नगरी थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई और भविष्य में ऐसी कार्रवाई दोहराए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।

आंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि राजनीतिक कार्यकर्ताओं को इसी तरह निशाना बनाया गया तो जिलेभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि जनता के मुद्दों को उठाने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।