इंडोनेशिया में यात्री फेरी में भीषण आग, 5 की मौत; 41 लोग अब भी लापता

इंटरनेशनल न्यूज़। इंडोनेशिया के मदुरा द्वीप के पास रविवार को एक यात्री फेरी में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे में अब तक कम से कम पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 41 लोग अब भी लापता हैं। राहत एवं बचाव एजेंसियां युद्धस्तर पर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी के अनुसार, हादसे के समय फेरी में कुल 271 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 225 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है, जबकि 41 लोगों की तलाश अभी भी जारी है।
यह फेरी पूर्वी जावा प्रांत के सुराबाया शहर से दक्षिण सुलावेसी के मकासर शहर के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान मदुरा द्वीप के निकट समुद्री क्षेत्र में अचानक आग लग गई, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं
अधिकारियों ने बताया कि आग रविवार सुबह लगी, लेकिन फिलहाल इसकी वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।
युद्धस्तर पर जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
राष्ट्रीय खोज एवं बचाव एजेंसी ने बताया कि लापता लोगों की तलाश के लिए समुद्र में व्यापक स्तर पर सर्च एंड रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। बचाव दल जहाजों और अन्य संसाधनों की मदद से प्रभावित क्षेत्र में लगातार तलाश कर रहे हैं।
समुद्री परिवहन का महत्वपूर्ण क्षेत्र
मदुरा द्वीप इंडोनेशिया के जावा द्वीप के उत्तर-पूर्वी तट के पास स्थित है। यह क्षेत्र समुद्री परिवहन के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है और यहां यात्री व मालवाहक नौकाओं का नियमित आवागमन होता है।अधिकारियों ने कहा है कि राहत एवं बचाव अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता।




