Durg Crime News: दुर्ग में उपसरपंच की चाकू मारकर हत्या, लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उतारा मौत के घाट

दुर्ग के जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र में ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की लूट का विरोध करने पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में ग्राम तूमाकला के उपसरपंच प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बदमाशों ने लूटपाट का विरोध करने पर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मामला जेवरा-सिरसा थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात प्रकाश सिंह कश्यप अपने एक साथी के साथ भिलाई से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान करगीडीह से चिखली चौक के बीच एक बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया।
लूट का विरोध किया तो चाकू से कर दिया हमला
सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि आरोपियों ने पहले मोबाइल फोन और नकदी लूटने का प्रयास किया। जब प्रकाश सिंह कश्यप ने विरोध किया तो बदमाशों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके साथ मौजूद व्यक्ति किसी तरह जान बचाकर भाग निकला और पुलिस को घटना की सूचना दी।
वारदात के बाद आरोपी मृतक का मोबाइल फोन और करीब ₹4 हजार नकद लूटकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
CCTV फुटेज के सहारे आरोपियों की तलाश
मृतक प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तूमाकला के उपसरपंच थे। उनकी पत्नी देवती बाई कश्यप वर्तमान में गांव की सरपंच हैं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला लूट के दौरान हत्या का प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।




