#प्रदेश

Gariaband News: स्कूल में शराब पार्टी करने वाले दो शिक्षक निलंबित, वायरल वीडियो पर शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई

Advertisement Carousel

 

गरियाबंद के मैनपुर विकासखंड स्थित देवझर (अमली) स्कूल में शराब पीते दिखे दो शिक्षकों को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई की गई।

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मैनपुर विकासखंड के देवझर (अमली) स्कूल में शराब पार्टी करने वाले दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है। दोनों शिक्षकों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने यह कदम उठाया।

स्कूल कार्यालय में शराब पीते कैमरे में कैद हुए शिक्षक

जानकारी के अनुसार, मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय के भीतर शराब पीते और चखना करते नजर आए। इस दौरान स्कूल परिसर में छात्र-छात्राएं भी मौजूद थे, जबकि पढ़ाई बाधित रही।

कारण बताओ नोटिस के बाद निलंबन

वीडियो सामने आने के बाद संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने पहले दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। मामले को गंभीर मानते हुए अब दोनों के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए हैं।

जांच जारी, आगे होगी विभागीय कार्रवाई

निलंबन आदेश के मुताबिक, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मामले की विभागीय जांच जारी रहेगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।