Accident : दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, कांवड़ यात्रा पर जा रहे 3 शिवभक्तों की मौत

मेरठ। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कांवड़ यात्रा पर जा रहे तीन शिवभक्तों की दर्दनाक मौत हो गई। हरियाणा के झज्जर निवासी तीनों युवक हरिद्वार जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह करीब 5 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। भोजपुर थाना क्षेत्र के कलछीना गांव के पास एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार तीन कांवड़ियों को टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हरियाणा के झज्जर जिले के के निवासी थे
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान ज्ञानप्रकाश, राजकुमार और प्रदीप के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के झज्जर जिले के एक ही गांव के निवासी थे और कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी से मिल सकता है ड्राइवर का सुराग
हादसे के बाद तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं कांवड़ यात्रा के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर भी एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।




