#प्रदेश

Uttarakhand Weather Alert: भारी बारिश से उत्तराखंड अलर्ट पर, CM धामी ने दिए हाई अलर्ट के निर्देश, 85 सड़कें बंद

Advertisement Carousel

 

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने हालात गंभीर कर दिए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा कर सभी राहत एवं बचाव एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ काम करें और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखें।

मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से विभिन्न जिलों की स्थिति की जानकारी ली और नदी-नालों के बढ़ते जलस्तर पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देहरादून, चमोली और बागेश्वर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं राज्य के अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट लागू है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की चेतावनी दी है।

भूस्खलन से 85 सड़कें बंद

लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 85 सड़कें बंद हो गई हैं। इनमें चमोली में 20, पिथौरागढ़ में 13, बागेश्वर में 10, नैनीताल में 8, टिहरी में 8, देहरादून में 7, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी में 6-6, पौड़ी में 5 तथा अल्मोड़ा में 2 सड़कें शामिल हैं। प्रशासन मार्गों को खोलने में जुटा है।

80 गांवों का संपर्क मार्ग फिर ठप

रुद्रप्रयाग जिले के विजयनगर-तैला मोटर मार्ग पर एक बार फिर भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। यह मार्ग 80 से अधिक गांवों को जोड़ता है और मानसून के दौरान लगातार भूस्खलन की चपेट में आ रहा है।

अलकनंदा और मंदाकिनी खतरे के निशान से ऊपर

रुद्रप्रयाग जिले में लगातार बारिश के बाद अलकनंदा और मंदाकिनी नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और नदी तटों से दूर रहने की अपील की है। नगर निकायों द्वारा लाउडस्पीकर के जरिए लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

यमुनोत्री हाईवे पर टला बड़ा हादसा

उत्तरकाशी के सिलाई बैंड के पास यमुनोत्री हाईवे पर अचानक पहाड़ी से पत्थर और मलबा गिरने से बड़ा हादसा टल गया। उत्तर प्रदेश के दो कांवड़ यात्रियों ने समय रहते अपनी बाइक छोड़कर भागकर जान बचाई। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य होने पर यातायात सावधानी के साथ शुरू कराया गया।

घुत्तू बाजार में लैंडस्लाइड, मकानों पर खतरा

टिहरी जिले के घुत्तू क्षेत्र में देर रात भारी बारिश के कारण भीषण भूस्खलन हुआ। मुख्य बाजार में भारी मात्रा में मलबा आने से कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है और एक वाहन मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रशासन, राजस्व विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं। प्रभावित मकानों का सर्वे कराया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जाएगा।

प्रशासन की अपील

राज्य सरकार ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों से दूर रहने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पूरे प्रदेश की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।