सड़क हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान की मौत, झांसी जाते समय डिवाइडर से टकराई कार, 3 की हालत गंभीर

झांसी। माफिया अतीक अहमद के परिवार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे।
डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार कार
जानकारी के अनुसार, हादसा झांसी-कानपुर हाईवे पर खिल्ली गांव के पास हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो की मौके पर मौत, तीन घायल
हादसे में आबान अहमद और सोनू खान की मौत हो गई। वहीं अहजम, मोहम्मद जैद और उमर गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
जेल में बंद अली अहमद से मिलने जा रहे थे
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था और तब से वह वहीं बंद है।
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार के कारण कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की आशंका जताई जा रही है।




