#अंतरराष्ट्रीय

Colombia Earthquake: कोलंबिया में 7.4 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप से कांपी धरती, बोगोटा से इक्वाडोर तक महसूस हुए झटके

Advertisement Carousel

 

बोगोटा। कोलंबिया में शक्तिशाली भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) के मुताबिक भूकंप की प्रारंभिक तीव्रता 7.4 थी और इसका केंद्र करीब 115 किलोमीटर की गहराई में बताया गया है। वहीं, कोलंबिया की भूवैज्ञानिक सेवा ने इसकी प्रारंभिक तीव्रता 6.7 दर्ज की है।

भूकंप के झटके राजधानी बोगोटा समेत कई इलाकों में महसूस किए गए। पड़ोसी देश इक्वाडोर तक भी कंपन महसूस होने की जानकारी सामने आई है। तेज झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।

सैन जोस डेल पालमार के पास बताया गया केंद्र

EMSC के अनुसार भूकंप का केंद्र सैन जोस डेल पालमार के आसपास था, जो राजधानी बोगोटा से करीब 400 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। भूकंप की गहराई अधिक होने के कारण इसके झटके दूर-दराज के इलाकों तक महसूस किए गए।

भूकंप की तीव्रता पर एजेंसियों के आंकड़े अलग

भूकंप की शुरुआती तीव्रता को लेकर दोनों एजेंसियों के आंकड़ों में अंतर सामने आया है। EMSC ने जहां इसे 7.4 तीव्रता का बताया, वहीं कोलंबिया की भूवैज्ञानिक सेवा ने 6.7 तीव्रता दर्ज की है। भूकंप के बाद स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियां संभावित नुकसान का आकलन कर रही हैं।फिलहाल तत्काल बड़े नुकसान या लोगों के घायल होने की आधिकारिक सूचना सामने नहीं आई है।