Uttarakhand Earthquake: उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का तेज भूकंप, टिहरी में भी कांपी धरती; घरों से बाहर निकले लोग

देहरादून। उत्तराखंड में सोमवार देर रात भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का तेज भूकंप आया, जबकि टिहरी गढ़वाल में 2.0 तीव्रता का हल्का झटका दर्ज किया गया। हालांकि, दोनों जिलों में जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
उत्तरकाशी में 4.2 तीव्रता का भूकंप
उत्तरकाशी में यमुना घाटी और गंगा घाटी समेत कई इलाकों में सोमवार देर रात करीब 1:21 बजे भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। झटका इतना तेज था कि कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और परिजनों व आसपास के लोगों को फोन कर स्थिति की जानकारी ली।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक, भूकंप की तीव्रता 4.2 रही। इसका केंद्र उत्तरकाशी जिले में जमीन से करीब 10 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप का केंद्र बड़कोट तहसील मुख्यालय के पास राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास बताया गया है।
टिहरी गढ़वाल में भी कांपी धरती
उत्तरकाशी के साथ टिहरी गढ़वाल के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्रों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। यहां भूकंप की तीव्रता 2.0 दर्ज की गई। इसकी गहराई करीब 5 किलोमीटर बताई गई है।
कम तीव्रता के इस भूकंप के बावजूद लोगों को झटके महसूस हुए। हालांकि, प्रशासन के मुताबिक जिले में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकंप के बाद घरों से बाहर निकले लोग
उत्तरकाशी में तेज झटका महसूस होने के बाद लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई लोग एहतियात के तौर पर घरों से बाहर निकल आए। लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के बारे में जानकारी ली।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने भूकंप की पुष्टि की है। प्रशासन ने फिलहाल दोनों जिलों में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं दी है।




