#प्रदेश

जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मचा हड़कंप: खाली बोगी से निकला धुआं, मौके पर पहुंची RPF; जांच के लिए समिति गठित

Advertisement Carousel

० प्लेटफॉर्म नंबर-6 के पास रेलवे साइडिंग में खड़ी थी बोगी, रेलवे ने आग लगने से किया इनकार

जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-6 के पास रेलवे साइडिंग में खड़ी एक खाली विभागीय बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं नजर आते ही रेलवे अधिकारियों और RPF की टीम को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया।

रेलवे अधिकारियों ने फिलहाल बोगी में आग लगने की बात से इनकार किया है। बताया गया कि जिस कोच से धुआं निकलता दिखाई दिया, वह सामान्य यात्रियों के लिए इस्तेमाल नहीं होता था। यह विभागीय और आंतरिक कार्यों के लिए निर्धारित कोच था।

बोगी में मौजूद नहीं था कोई व्यक्ति

रेलवे के मुताबिक घटना के समय कोच पूरी तरह खाली था और उसके अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मचारियों और रेलवे सुरक्षा बल की टीम मौके पर पहुंची और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आवश्यक कार्रवाई की।

जबलपुर मंडल के DRM कमल कुमार तलरेजा ने बताया कि स्थिति फिलहाल पूरी तरह नियंत्रण में है। कोच बंद था और घटना के वक्त उसमें कोई मौजूद नहीं था।

धुआं निकलने की वजह अब भी बनी पहेली

घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए रेलवे ने वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित की है। समिति यह जांच करेगी कि बंद और खाली खड़े विभागीय कोच से धुआं आखिर किस वजह से निकला।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल किसी यात्री के प्रभावित होने या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।