#प्रदेश

शराब घोटाला केस में ED का बड़ा एक्शन, जेल से लाकर रामगोपाल अग्रवाल गिरफ्तार; कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड दी

Advertisement Carousel

 

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कांग्रेस के पूर्व कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को ED ने रामगोपाल को प्रोडक्शन वारंट पर जेल से बाहर लाकर विशेष अदालत में पेश किया। जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए 7 दिन की रिमांड मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने 5 दिन की रिमांड मंजूर करते हुए उन्हें ED की हिरासत में भेज दिया।

रामगोपाल अग्रवाल को अब 17 अगस्त को कोर्ट में दोबारा पेश किया जाएगा। 16 अगस्त को रविवार होने के कारण उस दिन कोर्ट की नियमित कार्यवाही नहीं होगी।

शराब घोटाले के पैसे को एडजस्ट करने का आरोप

ED के मुताबिक, कथित शराब घोटाले, कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े अवैध पैसों को ठिकाने लगाने यानी मनी लॉन्ड्रिंग में रामगोपाल अग्रवाल की अहम भूमिका रही है। एजेंसी अब रिमांड के दौरान उनसे इन पैसों के लेन-देन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क को लेकर पूछताछ करेगी।

जांच एजेंसी का आरोप है कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान वर्ष 2019 से 2022 के बीच आबकारी विभाग में एक सिंडिकेट के जरिए कथित तौर पर करीब ₹2,883 करोड़ से ₹3,400 करोड़ का शराब घोटाला किया गया।

कई मामलों में ED की जांच जारी

कथित शराब घोटाले के साथ ही कोल लेवी और कस्टम मिलिंग से जुड़े मामलों में भी ED की जांच चल रही है। एजेंसी इन मामलों में कथित अवैध रकम के लेन-देन और उसे विभिन्न माध्यमों से खपाए जाने की जांच कर रही है।

इस मामले में ED की ओर से अब तक कई चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। मामले में पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा समेत कई लोगों के नाम सामने आए हैं। कवासी लखमा फिलहाल जमानत पर हैं।

5 दिन की रिमांड में ED करेगी पूछताछ

कोर्ट से 5 दिन की रिमांड मिलने के बाद अब ED रामगोपाल अग्रवाल से कथित शराब घोटाले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, पैसों के एडजस्टमेंट और अन्य आरोपों को लेकर पूछताछ करेगी। एजेंसी यह भी पता लगाने की कोशिश करेगी कि कथित अवैध रकम का इस्तेमाल और हस्तांतरण किन माध्यमों से किया गया।

रामगोपाल अग्रवाल को 17 अगस्त को विशेष अदालत में दोबारा पेश किया जाएगा, जहां ED उनकी रिमांड अवधि के दौरान हुई पूछताछ और जांच की प्रगति से अदालत को अवगत करा सकती है।