#Business

Hurun India Report 2026: अंबानी परिवार फिर बना भारत का सबसे अमीर कारोबारी परिवार, अदाणी दूसरे स्थान पर

Advertisement Carousel

 

नई दिल्ली। भारत के सबसे अमीर कारोबारी परिवारों को लेकर हुरुन की ताजा रिपोर्ट सामने आई है। 2026 में मुकेश अंबानी का परिवार 25.8 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ देश का सबसे धनी कारोबारी परिवार बना हुआ है। हालांकि, पिछले आंकड़ों की तुलना में अंबानी परिवार की संपत्ति में 8.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं, गौतम अदाणी का परिवार 19.6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहली पीढ़ी के कारोबारियों में सबसे अमीर बनकर उभरा है।

अंबानी परिवार सबसे ऊपर, अदाणी दूसरे नंबर पर

‘2026 बार्कलेज प्राइवेट क्लाइंट्स हुरुन इंडिया मोस्ट वैल्यूएबल फैमिली बिजनेसेज लिस्ट’ के मुताबिक, मुकेश अंबानी का परिवार 25.8 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पहले स्थान पर है।

वहीं गौतम अदाणी का परिवार 19.6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर है। पहली पीढ़ी के कारोबारी परिवारों में अदाणी परिवार सबसे ऊपर है।

मित्तल और बिड़ला परिवार भी टॉप-4 में

टेलीकॉम क्षेत्र की दिग्गज कंपनी एयरटेल के प्रवर्तक सुनील भारती मित्तल का परिवार 12.1 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर है। पहली पीढ़ी के परिवारों में मित्तल परिवार दूसरे सबसे अमीर कारोबारी परिवार के रूप में सामने आया है।वहीं कुमार मंगलम बिड़ला का परिवार 8.14 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर है।

भारत के टॉप 300 पारिवारिक कारोबारों की संपत्ति 138 लाख करोड़

हुरुन इंडिया के संस्थापक और मुख्य शोधकर्ता अनस रहमान जुनैद के मुताबिक, भारत के सबसे मूल्यवान पारिवारिक कारोबारों का कुल मूल्य अब 1.46 ट्रिलियन डॉलर यानी करीब 138 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है।

रिपोर्ट के अनुसार, अगर इन पारिवारिक कारोबारों को एक देश माना जाए, तो यह GDP के लिहाज से दुनिया की 18वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होती।

आहूजा परिवार की संपत्ति में 352% का उछाल

रिपोर्ट में कुछ परिवारों की संपत्ति में हुई तेज वृद्धि भी सामने आई है। शाही एक्सपोर्ट्स के आहूजा परिवार की संपत्ति तीन वर्षों में 352 फीसदी बढ़कर 37,500 करोड़ रुपये हो गई।

वहीं गरवारे हाई-टेक फिल्म्स के शशिकांत भालचंद्र गरवारे परिवार की संपत्ति में 300 फीसदी की वृद्धि हुई और यह बढ़कर 15,600 करोड़ रुपये हो गई। परिवार ने तीन वर्षों में 61 स्थानों की सबसे तेज रैंक वृद्धि भी दर्ज की।

जिंदल परिवार ने जोड़े 3.3 लाख करोड़ रुपये

पिछले तीन वर्षों में निरपेक्ष रूप से सबसे अधिक संपत्ति बढ़ाने के मामले में जिंदल परिवार सबसे आगे रहा। परिवार ने अपनी संपत्ति में 3.3 लाख करोड़ रुपये जोड़े।

इसके साथ जिंदल परिवार की कुल संपत्ति बढ़कर 8.02 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो करीब 70 फीसदी की वृद्धि है। रिपोर्ट भारतीय पारिवारिक कारोबारों के बढ़ते आर्थिक प्रभाव और संपत्ति सृजन की रफ्तार को रेखांकित करती है।