Tata Sons: एन. चंद्रशेखरन ने टाटा संस के चेयरमैन पद से दिया इस्तीफा, 18 अगस्त की AGM से पहले बड़ा फैसला

नई दिल्ली। टाटा समूह से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। एन. चंद्रशेखरन ने टाटा संस के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 में पूरा होना था, लेकिन 18 अगस्त को होने वाली कंपनी की सालाना आम बैठक (AGM) से पहले ही उन्होंने पद छोड़ने का ऐलान कर दिया है।
दोबारा नियुक्ति को लेकर बनी थी अनिश्चितता
टाटा संस की 18 अगस्त को होने वाली AGM में शेयरहोल्डर्स को एन. चंद्रशेखरन की डायरेक्टर के तौर पर दोबारा नियुक्ति पर मतदान करना था। हालांकि, उनकी पुनर्नियुक्ति को लेकर लगातार अनिश्चितता बनी हुई थी।बताया जा रहा है कि इसी बीच चंद्रशेखरन ने दोबारा नियुक्ति की प्रक्रिया में शामिल नहीं होने का फैसला लिया है।
नोएल टाटा से मतभेद की भी चर्चा
चंद्रशेखरन के इस्तीफे के पीछे टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन Noel Tata के साथ मतभेदों की भी चर्चा है। रिपोर्टों के मुताबिक, टाटा संस बोर्ड ने फरवरी में चंद्रशेखरन की दोबारा नियुक्ति पर फैसला टाल दिया था।
बताया गया था कि नोएल टाटा ने टाटा समूह के कुछ नए कारोबारों के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद चेयरमैन की पुनर्नियुक्ति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी।
फरवरी 2027 तक था कार्यकाल
एन. चंद्रशेखरन वर्ष 2017 में टाटा संस के चेयरमैन बने थे। उनका मौजूदा कार्यकाल फरवरी 2027 तक था। अब AGM से पहले उनके इस्तीफे के ऐलान के बाद टाटा समूह में नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।




