#प्रदेश

Himachal Road Accident: अंतिम संस्कार से लौट रहे लोगों की बोलेरो खाई में गिरी, 4 की मौत, 9 घायल

Advertisement Carousel

 

नाहन। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। संगडाह उपमंडल के गतलोग के पास एक बोलेरो कैंपर अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हुए हैं। घायलों में चार की हालत गंभीर बताई जा रही है।

अंतिम संस्कार के लिए गांव जा रहे थे लोग

पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त को सुनील शर्मा के ताऊ जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था। उन्हें सिविल अस्पताल संगडाह ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिवार के लोग उनके शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव अरलू ले जाने के लिए बोलेरो कैंपर किराए पर लेकर निकले थे।

गतलोग के पास चालक ने खोया नियंत्रण

बोलेरो कैंपर को कपिल देव चला रहा था। रास्ते में चिनाड के पास परिवार और गांव के कुछ अन्य लोग भी वाहन में सवार हो गए। रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बोलेरो सड़क से करीब 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरी।हादसा इतना भीषण था कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत 9 लोग घायल हो गए।

हादसे में इन चार लोगों की मौत

मृतकों की पहचान 37 वर्षीय राजेंद्र, 23 वर्षीय देसराज, 58 वर्षीय रिखीराम और 62 वर्षीय राम गोपाल के रूप में हुई है।

9 लोग घायल, चार की हालत गंभीर

हादसे में बृज मोहन, कृपाराम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप, कमलेन्द्र और वाहन चालक कपिल देव घायल हुए हैं।

इनमें कमलेन्द्र, संदीप, राम स्वरूप और कपिल देव को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि पांच घायलों का इलाज संगडाह अस्पताल में चल रहा है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

पुलिस ने मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल संगडाह में शुरू कर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंपे जाएंगे।

जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने हादसे में चार लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।