Indigo Flight Emergency Landing: लैंडिंग से पहले फ्लाइट का इंजन फेल, चेन्नई एयरपोर्ट पर मचा हड़कंप, 224 यात्री सुरक्षित

चेन्नई। कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो की फ्लाइट में मंगलवार देर रात लैंडिंग से ठीक पहले बाएं इंजन में तकनीकी खराबी आ गई। इंजन में खराबी की सूचना मिलते ही चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि, विमान को सुरक्षित रनवे पर उतार लिया गया और फ्लाइट में सवार 224 यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित रहे।
लैंडिंग से ठीक पहले आई इंजन में खराबी
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के मुताबिक, कोलकाता से चेन्नई आ रही इंडिगो फ्लाइट 6E-723 ने 11 अगस्त की रात करीब 11:29 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की। विमान को रात 11:30 बजे चेन्नई एयरपोर्ट पहुंचना था।
लैंडिंग की तैयारी के दौरान पायलट को विमान के बाएं इंजन में खराबी का पता चला। इसके बाद तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को इसकी जानकारी दी गई।
चेन्नई एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित
इंजन में तकनीकी समस्या की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन अलर्ट हो गया। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के लिए इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय किया गया और रनवे पर जरूरी सुरक्षा इंतजाम किए गए।
11:37 बजे रनवे पर सुरक्षित उतरा विमान
इमरजेंसी के बीच फ्लाइट ने रात करीब 11:37 बजे रनवे-25 पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 224 लोग सुरक्षित रहे।
लैंडिंग के करीब 10 मिनट बाद रात 11:47 बजे फुल इमरजेंसी हटा दी गई। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद एयरपोर्ट का सामान्य संचालन प्रभावित नहीं हुआ और सभी गतिविधियां सामान्य रूप से जारी रहीं।




