#प्रदेश

NCP नेता जीशान सिद्दीकी को फिर मिली जान से मारने की धमकी, फोन पर भेजा गया ऑडियो मैसेज; CM फडणवीस को दी जानकारी

Advertisement Carousel

० फरार गैंगस्टर जीशान अख्तर के नाम से धमकी देने का दावा, पिछले हफ्ते भी मिली थी धमकी; पिछले साल मांगे गए थे 10 करोड़ रुपये

मुंबई। NCP नेता और विधान परिषद सदस्य जीशान सिद्दीकी को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि जीशान को फोन पर धमकी दी गई और उनके मोबाइल पर एक ऑडियो संदेश भी भेजा गया।

जीशान सिद्दीकी ने मामले की जानकारी मुंबई पुलिस के शीर्ष अधिकारियों और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जीशान अख्तर के नाम से भेजा गया ऑडियो

पुलिस के मुताबिक, जीशान सिद्दीकी को कथित तौर पर फरार गैंगस्टर जीशान अख्तर की तरफ से धमकी दी गई है। आरोपी ने जीशान के मोबाइल पर ऑडियो संदेश भेजा।

पुलिस के अनुसार, जीशान अख्तर फिलहाल भारत से बाहर किसी अज्ञात स्थान पर है। मामले की जांच के साथ धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान और ऑडियो संदेश की सत्यता की भी पड़ताल की जा रही है।

एक हफ्ते पहले भी मिली थी धमकी

जीशान सिद्दीकी को इससे पहले पिछले सप्ताह भी जान से मारने की धमकी मिली थी। सोशल मीडिया पर गैंगस्टर जीशान अख्तर के नाम से एक कथित ऑडियो क्लिप सामने आई थी।

इसके बाद जीशान की बहन ने बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पिछले साल भी मिली थी धमकी

इससे पहले 22 अप्रैल 2025 को भी जीशान सिद्दीकी को जान से मारने की धमकी मिली थी। उस समय कथित तौर पर दाऊद की डी-कंपनी के नाम से उन्हें एक ईमेल भेजा गया था।

पुलिस के अनुसार, ईमेल में जीशान को उनके पिता की तरह जान से मारने की धमकी दी गई थी और 10 करोड़ रुपये की मांग की गई थी।

बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हुई थी हत्या

जीशान सिद्दीकी के पिता और NCP नेता बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 की रात मुंबई के बांद्रा ईस्ट इलाके में उनके बेटे जीशान के कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

घटना में तीन हमलावरों ने उन पर गोलियां चलाई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने कथित शूटरों और साजिशकर्ताओं समेत दो दर्जन से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया था।

इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को भी वांछित आरोपी बनाया गया था। अब जीशान सिद्दीकी को दोबारा धमकी मिलने के बाद उनकी सुरक्षा और पूरे मामले की जांच को लेकर पुलिस सतर्क हो गई है।