#प्रदेश

धर्मेंद्र प्रधान को बचाने विजय शर्मा ने जज के शब्दों का झूठा सहारा लिया – डॉ. महंत

Advertisement Carousel

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा है कि कल की अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर जो कहानी सुनाई, वह तथ्यों पर नहीं, बल्कि सफ़ेद झूठ पर आधारित है। विजय शर्मा ने कहा कि “एक जज साहब ने कुछ शब्द लिख दिए, उसके कारण हमारे शिक्षा मंत्री का इस्तीफा हो गया।” यह बयान न केवल सच्चाई से परे है, बल्कि करोड़ों छात्रों के संघर्ष का भी अपमान है।

डॉ. महंत ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान किसी जज की टिप्पणी से नहीं गए। उन्हें इसलिए जाना पड़ा क्योंकि NEET सहित प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, संगठित भ्रष्टाचार, परीक्षा माफिया और सरकारी संरक्षण में पनपी अव्यवस्था ने पूरे देश का विश्वास तोड़ दिया था। लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लगा, परिवार सड़क पर उतरे, देशव्यापी जनाक्रोश पैदा हुआ और सरकार को आखिरकार अपने शिक्षा मंत्री की बलि देनी पड़ी। यह कहना कि एक जज के कुछ शब्दों से मंत्री का इस्तीफा हो गया, भाजपा द्वारा अपने ही भ्रष्ट और विफल तंत्र को बचाने के लिए गढ़ा गया नया झूठ है।

डॉ. महंत ने कहा कि जिस टिप्पणी का हवाला विजय शर्मा दे रहे हैं, वह भी उनके दावे को साबित नहीं करती। छात्र जंतर-मंतर पर भारत के मुख्य न्यायाधीश के खिलाफ आंदोलन नहीं कर रहे थे। उनका निशाना शिक्षा व्यवस्था में फैला भ्रष्टाचार, पेपर लीक और मोदी सरकार की जवाबदेही थी। मुख्य न्यायाधीश के “कॉकरोच” शब्द के जवाब में छात्रों ने व्यंग्य में अपने आंदोलन का नाम “कॉकरोच जनता पार्टी” रख लिया था। उन्होंने न्यायपालिका के खिलाफ आंदोलन नहीं किया, बल्कि उसी शब्द को प्रतिरोध का प्रतीक बना दिया। विजय शर्मा इतिहास को तोड़-मरोड़कर यह दिखाना चाहते हैं कि मंत्री को जनता ने नहीं, जज ने हटाया। देश का युवा इस झूठ को अच्छी तरह समझता है।

डॉ. महंत ने कहा कि कल उसी प्रेस कॉन्फ्रेंस में विजय शर्मा ने राहुल गांधी को चुनौती देते हुए कहा कि “राहुल गांधी बोल रहे हैं कि गोली चला दी गई, इस बात को प्रमाणित कर दें।” अब विजय शर्मा पहले यह बताएं कि क्या वे अपनी ही सरकार के रिकॉर्ड पर भरोसा करते हैं?